Download App Now Register Now

79वें स्वतंत्रता दिवस से पहले मुस्लिम स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की अनूठी पहल

गुंटूर। 79वें स्वतंत्रता दिवस से पहले देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले मुस्लिम स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों से परिचित कराना है, जिनका योगदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण रहा, लेकिन जिनके बारे में आज की पीढ़ी अपेक्षाकृत कम जानती है।

आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी इतिहासकार सैयद नसीर अहमद ने इस अभियान के तहत स्कूली बच्चों की किताबों पर लगाए जाने वाले बुक लेबल (नाम-पर्चे) को माध्यम बनाया है। इन लेबलों पर स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीर, नाम, जन्म एवं निधन वर्ष और उनके योगदान का संक्षिप्त परिचय प्रकाशित किया गया है। साथ ही बच्चों के नाम, कक्षा और विद्यालय का विवरण लिखने की भी जगह दी गई है।

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के स्कूलों में पहुंचेंगे एक लाख बुक लेबल

सैयद नसीर अहमद ने बताया कि इस वर्ष दानदाताओं और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से एक लाख बुक लेबल तैयार किए गए हैं। इन्हें आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के सैकड़ों विद्यालयों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। प्रत्येक छात्र को छह अलग-अलग स्वतंत्रता सेनानियों के नाम वाले लेबल दिए जाएंगे, ताकि उनकी विभिन्न पुस्तकों पर अलग-अलग वीरों की जानकारी उपलब्ध रहे।

बच्चों को इतिहास से जोड़ने का प्रयास

इतिहासकार का कहना है कि आमतौर पर बच्चे अपनी किताबों पर फिल्मी कलाकारों, क्रिकेट खिलाड़ियों, कार्टून पात्रों या प्राकृतिक दृश्यों वाले लेबल लगाते हैं। यदि उनकी जगह स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र और परिचय हों, तो बच्चे ही नहीं, बल्कि शिक्षक और अभिभावक भी उनके जीवन और योगदान को जानने के लिए प्रेरित होंगे।

उन्होंने कहा कि चूंकि किताबों के कवर कई महीनों तक वैसे ही रहते हैं, इसलिए रोजाना इन तस्वीरों और जानकारियों को देखने से बच्चों के मन में देश के स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान और इतिहास के प्रति रुचि विकसित होगी।

2018 में शुरू हुई थी मुहिम

सैयद नसीर अहमद ने बताया कि यह अभियान पहली बार 2018 में शुरू किया गया था, जिसे उम्मीद से अधिक सफलता मिली। इसके बाद देशभर के दानदाताओं, समाजसेवियों और सामाजिक संगठनों का सहयोग मिलता गया। अब तक करीब छह लाख बुक लेबल तैयार कर विभिन्न स्कूलों में वितरित किए जा चुके हैं।

इस वर्ष पहले चरण में एक लाख लेबल तैयार किए गए हैं और इन्हें महीने के अंत तक आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के स्कूलों में वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

Tags: Independence Day, Freedom Fighters, Muslim Freedom Fighters, Syed Naseer Ahmed, Andhra Pradesh, Telangana, Education, Indian History, School Students, National News

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
चक्रवात अर्नब की ताजा अपडेट: कमजोर पड़ा चक्रवात अर्नब, राजस्थान से बिहार तक मौसम का अलर्ट; अंडमान सागर में नया सिस्टम सक्रिय | चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: दिल्ली, महाराष्ट्र समेत 6 राज्यों में SIR की समयसीमा बढ़ाई, जानिए नई तारीखें | RSS के गढ़ नागपुर में कांग्रेस की जीत से BJP को झटका, पुणे में भी हारी; जानिए कहां बिगड़ा चुनावी गणित | भूटान में ग्लेशियर झील फटी, गासा का मशहूर गर्म पानी का कुंड बहा; भारत में बाढ़ का खतरा, बंगाल में 10 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए | मोदी नहीं, 'ओदी' कहिए... ज्ञानेश कुमार का नाम भी बदला, CJP नेता आशुतोष रांका ने समर्थकों को सिखाई कोड लैंग्वेज | गजराज राव बोले- ‘बधाई हो’ मेरे लिए ‘शोले’ जैसी, इस फिल्म ने बदल दी जिंदगी; जयपुर की कचौरी-मिठाइयों के भी मुरीद | सुप्रीम कोर्ट ने पाकिस्तानी जासूसी के आरोपी झबरा राम की जमानत रद्द की, दो सप्ताह में सरेंडर करने का आदेश | राजस्थान पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में 65.15% मतदान, 2019 के मुकाबले 1.59 प्रतिशत की बढ़ोतरी | चक्रवात ‘अर्नब’ का कहर: आंध्र प्रदेश-ओडिशा में 5 मौतें, राजस्थान समेत 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट | आज का पंचांग 29 अक्टूबर 2026: आज करवा चौथ पर दिल्ली में रात 8:17 बजे निकलेगा चांद, जयपुर-मुंबई समेत जानें चंद्रोदय का समय |