तृतीय चरण के तहत जयपुर जिले की चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर पंचायत समितियों में मतदान कराया जाएगा। इन पांच पंचायत समितियों के कुल 442 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान दलों के रवाना होने के दौरान वाहन पार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी रहें।
जिले की पांच पंचायत समितियों में मतदान दलों की संख्या इस प्रकार है:
फागी: 90 मतदान दल
माधोराजपुरा: 93 मतदान दल
चाकसू: 93 मतदान दल
कोटखावदा: 82 मतदान दल
सांगानेर: 84 मतदान दल
सभी मतदान दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार संबंधित चेक पोस्ट पर उपस्थिति दर्ज करवाकर अपने मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगे।
तृतीय चरण में कुल 77 पंचायत समिति वार्ड और 133 ग्राम पंचायतों के लिए 442 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पंचायत समिति के अनुसार मतदान केंद्रों का विवरण:
चाकसू: 17 पंचायत समिति वार्ड और 32 ग्राम पंचायतें।
कोटखावदा: 15 पंचायत समिति वार्ड और 27 ग्राम पंचायतें।
माधोराजपुरा: 15 पंचायत समिति वार्ड और 25 ग्राम पंचायतें।
फागी: 15 पंचायत समिति वार्ड और 26 ग्राम पंचायतें।
सांगानेर: 15 पंचायत समिति वार्ड और 23 ग्राम पंचायतें।
जिला परिषद के वार्ड संख्या 27 से 37 तथा पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
इसके बाद 4 नवंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। वहीं, 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।
मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी। 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, बिजली और सुरक्षा सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें। मतदान के बाद ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.