बारां जिले के मोठपुर थाना क्षेत्र में केरवालिया और नृसिंहपुरा के बीच रविवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, निमोदा निवासी बाबूलाल (65) अपनी पत्नी नरसा बाई के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई, जिस पर गुंदलाई निवासी धर्मसिंह मीणा (38) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मोठपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बाबूलाल और उनकी पत्नी नरसा बाई को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल धर्मसिंह मीणा को अटरू अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।
इसी क्षेत्र में अन्य सड़क हादसों में भी लोग घायल हुए हैं। मुंडियर नेशनल हाईवे पर बाइक डिवाइडर से टकराने से दो सगे भाई घायल हो गए, जबकि कवाई क्षेत्र में पिकअप की टक्कर से पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.