इस संबंध में शनिवार को नगर निगम में मेयर प्रसन्नचंद मेहता और आयुक्त राहुल जैन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के व्यापारी और विभिन्न व्यापार संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। बाजारों की सजावट, रोशनी और दीपावली पर शहर को आकर्षक रूप देने के संबंध में चर्चा की गई।
मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने बताया कि नगर निगम की ओर से इस संबंध में दो अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। पहली बैठक में टेंट और लाइट डेकोरेशन से जुड़े कारोबारियों ने भाग लिया, जबकि दूसरी बैठक में शहर के विभिन्न व्यापार संघों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठकों में बाजारों को आकर्षक ढंग से सजाने और रोशनी की बेहतर व्यवस्था करने पर विचार-विमर्श किया गया। उद्देश्य है कि दीपावली के दौरान जोधपुर के बाजारों की सजावट ऐसी हो कि शहरवासियों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोग भी त्योहार की खुशियों का आनंद ले सकें।
नगर निगम की इस पहल के तहत अपने बाजार को सबसे सुंदर और आकर्षक तरीके से सजाने वाले व्यापार संघों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा बाजारों को सजाने में योगदान देने वाले अन्य व्यापारियों को भी प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि सम्मान समारोह दीपावली के कुछ दिनों बाद सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित कर किया जाएगा। इस पहल से व्यापार संघों और व्यापारियों को बाजारों की सजावट के लिए प्रोत्साहन मिलेगा तथा शहर की दीपावली को और अधिक आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.