Download App Now Register Now

6 साल बाद खुल रहा राज! बांदीकुई में एक्सप्रेस-वे की तीन लेन बंद, प्रिंस के कंकाल की तलाश में मिलिंग मशीन से खुदाई

राजस्थान: के दौसा जिले के बांदीकुई क्षेत्र में 6 साल पुराने हत्या कांड ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है। 4 साल के मासूम प्रिंस की हत्या के मामले में पुलिस अब उस जगह खुदाई कर रही है, जहां आरोपियों ने शव को दफनाने की बात कबूली है। इस कार्रवाई के चलते दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की पांच में से तीन लेन पर यातायात बंद कर दिया गया है।

मामला 16 अगस्त 2020 का है। बांदीकुई थाना क्षेत्र के रामदेवा की ढाणी निवासी 4 वर्षीय प्रिंस अचानक लापता हो गया था। लंबे समय तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। अब करीब 6 साल बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है।

पड़ोसी युवक और बहन पर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले एक युवक और उसकी बहन ने मिलकर मासूम की हत्या की थी। आरोप है कि हत्या के बाद शव को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नीचे दबा दिया गया, ताकि किसी को भनक न लगे।

करीब 15 दिन पहले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सख्ती से पूछताछ के दौरान उन्होंने हत्या और शव को एक्सप्रेसवे के नीचे दफनाने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर शव की तलाश शुरू की।

19 फरवरी से जारी है तलाश

पुलिस 19 फरवरी से लगातार खुदाई और सर्च ऑपरेशन चला रही है। शुरुआत में जेसीबी से हाईवे के किनारे खुदाई कराई गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद 26 फरवरी को ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (GPR) मशीन से स्कैनिंग की गई।

जीपीआर स्कैन में एक्सप्रेसवे पर दो स्थानों पर संदिग्ध संकेत मिले। इन संकेतों के आधार पर पुलिस ने रणनीति बदली और एक्सप्रेसवे की सतह को तोड़ने का निर्णय लिया।

मिलिंग मशीन से तोड़ा जा रहा एक्सप्रेसवे

रविवार को मिलिंग मशीन के जरिए एक्सप्रेसवे की परत हटाने का काम शुरू किया गया। देर रात होने के कारण काम रोकना पड़ा, लेकिन सोमवार सुबह फिर से खुदाई शुरू कर दी गई। जेसीबी और अन्य भारी मशीनरी मौके पर तैनात है।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी है। पांच लेन में से तीन लेन पूरी तरह बंद कर दी गई हैं, जबकि केवल दो लेन से ही ट्रैफिक संचालित हो रहा है।

ड्रोन से भी हुई जांच

इससे पहले रविवार को पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से करीब एक किलोमीटर क्षेत्र की निगरानी की थी। ड्रोन से इलाके का हवाई सर्वे किया गया, ताकि खुदाई के सही स्थान की पुष्टि की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और आरोपियों की निशानदेही के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। लक्ष्य है कि प्रिंस के कंकाल को बरामद कर मामले में ठोस साक्ष्य जुटाए जाएं।

परिवार को अब भी इंसाफ का इंतजार

6 साल से प्रिंस का परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है। बच्चे के अचानक गायब होने के बाद परिवार ने लंबे समय तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब आरोपियों की गिरफ्तारी और खुदाई की कार्रवाई से परिवार को उम्मीद जगी है कि उन्हें सच सामने आने का मौका मिलेगा।

मामले ने एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुराने मामलों की जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग भी घटनास्थल के पास जुटे नजर आ रहे हैं।

प्रशासन सतर्क

एक्सप्रेसवे पर खुदाई के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। पुलिस और प्रशासन मौके पर तैनात हैं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि जैसे ही खुदाई का काम पूरा होगा, सड़क की मरम्मत भी तत्काल कराई जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता शव की बरामदगी और साक्ष्य जुटाने पर है।

Written By

Chanchal Rathore

Desk Reporter

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
CM भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी पहुंचे, बाबा श्याम के करेंगे दर्शन; ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी हुए शामिल | राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: पंच-सरपंच चुनाव में 83.05% मतदान, बाड़मेर की सेड़वा पंचायत समिति रही अव्वल | जयपुर में ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान, 13 जोन की 617 दीवारों पर हुई वॉल पेंटिंग; लोककला से सजेगा शहर | जयपुर में पानी का संकट गहराने की आशंका, मांग और सप्लाई में 169.11 एमएलडी का अंतर; 55.45 करोड़ का समर प्लान तैयार | बीकानेर बनेगा निशानेबाजी का नया हब! सादुल क्लब में अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज की तैयारी, ओलंपिक स्तर की 17 मशीनें लगेंगी | हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा: स्लीपर कोच बस और टेंपो की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौके पर मौत | कोटा में सरपंच-पंच चुनाव: 162 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी, 1128 प्रत्याशी मैदान में; 80 साल की सूरजा बाई व्हीलचेयर पर पहुंचीं | जोधपुर की 6 पंचायत समितियों में सरपंच-पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, 101 साल की दाखू कंवर ने भी डाला वोट | जयपुर की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच-पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, देर रात तक आएंगे नतीजे | सीकर में ईदगाह चौराहे से जैन भवन तक वन-वे व्यवस्था लागू, गलत दिशा में जाने पर पंचर होगा टायर |