पंचायत चुनाव में तैनात मतदान टीमों के ठहरने की व्यवस्था झाड़ोल पंचायत समिति के सभागार में की गई थी। दिनभर की ड्यूटी और थकान के बाद कर्मचारी हॉल में सो रहे थे। इसी दौरान स्टेज के ऊपर लगी पीवीसी फॉल सीलिंग अचानक टूटकर नीचे गिर गई।
छत गिरने की तेज आवाज से कर्मचारियों की नींद खुल गई। घबराए कर्मचारी हॉल से बाहर निकलने लगे। इस दौरान अंधेरे और अफरा-तफरी के कारण कुछ कर्मचारी वहां रखी टेबलों से टकराकर गिर गए, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।
हादसे में नयागांव क्षेत्र के पाटिया स्कूल में कार्यरत पीटीआई रमेश चंद्र के हाथ में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। वह पंचायत चुनाव की ड्यूटी के लिए झाड़ोल पहुंचे थे। हादसे के तुरंत बाद साथी कर्मचारी उन्हें झाड़ोल अस्पताल लेकर गए।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें देर रात ही उदयपुर रेफर कर दिया। वहीं, अन्य घायल कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, पंचायत समिति सभागार की छत पर करीब दो साल पहले ही पीवीसी फॉल सीलिंग लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि सीलिंग को सहारा देने वाले लोहे के स्क्रू और अन्य हिस्सों में जंग लगने के कारण ढांचा कमजोर हो गया था। इसके चलते छत का हिस्सा नीचे गिर गया।घटना के बाद फॉल सीलिंग की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े किए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.