डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन नायक (24) और भागीरथ उर्फ मंगल (28), निवासी भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता के जरिए युवक की तलाश की। शनिवार तड़के हरियाणा के भिवानी में दबिश देकर पुलिस ने स्टूडेंट नील किशोर को बरामद किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के नासिक निवासी नील किशोर घेटिया बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। अतिरिक्त कमाई के लिए वह यूएसडीटी ट्रेडिंग भी करता था। इसी दौरान टेलीग्राम ऐप के जरिए उसकी पहचान कथित तौर पर यूएसडीटी ट्रेडिंग से जुड़े रजत नाम के युवक से हुई।
आरोप है कि 5 अक्टूबर को रजत ने यूएसडीटी में निवेश के लिए नील को मिलने बुलाया। इसके बाद वह रजत के दोस्त के प्रताप नगर स्थित फ्लैट पर पहुंचा। वहां नवीन ने यूएसडीटी खरीदने के लिए उसे 7 लाख रुपए दिए। नील ने ये रुपए अपने परिचित एस.के. नाम के व्यक्ति को दे दिए, लेकिन किसी कारण से यूएसडीटी ट्रांसफर नहीं हो पाए।
अगले दिन यूएसडीटी ट्रांसफर नहीं होने पर नवीन ने अपने रुपए वापस मांगे। पुलिस के मुताबिक, इसी लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि रुपए वापस नहीं मिलने पर नील को फ्लैट के कमरे में बंद कर दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। उसे 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। इसके बाद 15 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे नवीन और मंगल उसे काले रंग की स्कॉर्पियो में डालकर जयपुर से हरियाणा के भिवानी स्थित गांव ले गए।
पुलिस के अनुसार, वहां उसे पहली मंजिल पर बने एक कमरे में रखा गया और उसके साथ फिर से मारपीट की गई।
आरोपियों ने नील के पिता के मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल कर बेटे को छोड़ने के बदले 7 लाख रुपए की मांग की। साथ ही रकम नहीं देने पर युवक को जान से मरवाने की धमकी भी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रताप नगर थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता से जांच आगे बढ़ाई और हरियाणा में दबिश देकर युवक को बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो जब्त कर ली है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.