राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम उपखंड क्षेत्र में डांसरिया मादा जी का गांव (डुंगाजी का गांव, ग्राम पंचायत अंतर्गत) में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद पर भी कुल्हाड़ी से वार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही भीम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर भीम उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। घायल पति को पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। मृतका के परिजनों ने आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
परिजनों के अनुसार मृतका का विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व हुआ था और उसके दो बच्चे हैं। आरोप है कि पति लंबे समय से दहेज की मांग को लेकर पत्नी को प्रताड़ित करता था और आए दिन मारपीट करता था। यह भी बताया गया कि मृतका मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थी, लेकिन आरोपी उसका पैसा भी छीन लेता था।
घटना की जानकारी मृतका के 8 वर्षीय पुत्र ने अपनी मौसी को फोन पर दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से कुल्हाड़ी बरामद की है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.