भरतपुर में पांचना बांध से सिंचाई जल को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया की अध्यक्षता में एक अहम प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ कैचमेंट और कमांड क्षेत्र के किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी समस्याएं और मांगें रखीं, जिसके बाद यह सहमति बनी कि बांध का पानी सभी किसानों के हित में उपयोग किया जाएगा।
सिंचाई विभाग ने बैठक में जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा के तहत पांचना लिफ्ट सिंचाई परियोजना के लिए 50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और इसका कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। कैचमेंट क्षेत्र के किसानों ने परियोजना को शीघ्र धरातल पर लागू करने की मांग की, जबकि कमांड क्षेत्र के किसानों ने न्यायालय के आदेशों के अनुसार नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग रखी।
बैठक में दोनों पक्षों ने यह भी आश्वासन दिया कि वे एक-दूसरे के खिलाफ किसी भी प्रकार की नकारात्मक या जातिगत टिप्पणी नहीं करेंगे और आपसी संवाद बनाए रखेंगे। प्रशासन ने दोनों पक्षों से धरना समाप्त करने और शांतिपूर्ण समाधान के लिए सहयोग करने की अपील की।
यह विवाद वर्ष 2006 से चला आ रहा है, जिसमें डूब क्षेत्र के ग्रामीण नहरों पर रोक लगाते हैं जबकि कमांड क्षेत्र के किसान सिंचाई पानी की मांग करते हैं। स्थिति कई बार तनावपूर्ण हो चुकी है और सामाजिक ताना-बाना प्रभावित हुआ है। प्रशासन लगातार समाधान की कोशिश कर रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.