गंगापुर सिटी (सवाई माधोपुर) के खण्डीप क्षेत्र में पांचना बांध से कमांड एरिया की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर किसानों का धरना लगातार तेज होता जा रहा है। धरने में अब आसपास के नादौती, टोडाभीम और अन्य क्षेत्रों के शेखपुरा, अखाड़ा, किरवाड़ा, सहजनपुर, भोपर, भादरपुर, सोप, कैमा, ल्हावद, तूमापुरा, मिलकसराय और महानंदपुर ड्योढा सहित कई गांवों से बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण पहुंच रहे हैं, जिससे आंदोलन का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
धरने में राजनीतिक समर्थन भी खुलकर सामने आने लगा है। टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरिश्चन्द्र मीना, टोडाभीम विधायक घनश्याम महर, पूर्व विधायक लाखन सिंह मीना और पूर्व मंत्री गोलमा देवी धरना स्थल पर पहुंच चुके हैं। नेताओं ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि नहरों में शीघ्र पानी नहीं छोड़ा गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। संघर्ष समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने 27 जून तक का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया है कि यह लड़ाई अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है।
विधायक घनश्याम महर ने कहा कि यदि अन्य जनप्रतिनिधि आंदोलन में शामिल नहीं होते हैं तो समाज और संघर्ष समिति कठोर निर्णय ले सकती है। वहीं विधायक रामकेश मीना ने कहा कि यह मुद्दा अब पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बन चुका है और किसानों के हक की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
दूसरी ओर सांसद हरिश्चन्द्र मीना ने कहा कि यह मांग किसी वर्ग विशेष की नहीं बल्कि सरकार से जुड़ा सीधा मामला है और उच्च न्यायालय के आदेशों से भी संबंधित है। उन्होंने कहा कि किसान चाहें तो वे स्वयं पांचना बांध तक पैदल चलने को तैयार हैं ताकि समस्या का समाधान हो सके।
इधर, राज्य सरकार ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दस आरपीएस अधिकारियों की तैनाती की है, जिनमें अधिकांश अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा पहले से छह आरपीएस अधिकारी और चार आरएएस अधिकारी भी लगाए गए हैं।
करौली में वरिष्ठ आईएएस कृष्ण कुणाल, एडीजी बीजू जॉर्ज जोसफ, संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया, सवाई माधोपुर कलक्टर कानाराम, पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी सहित करौली प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार संघर्ष समिति व कमांड क्षेत्र के किसानों से संवाद कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से हल किया जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.