राजस्थान में बीते 24 घंटों के दौरान हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। बीकानेर, झालावाड़ और नागौर जिलों में हुए इन हादसों में कुल 12 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसों में धार्मिक यात्राओं और पारिवारिक कार्यक्रमों से लौट रहे लोग शामिल थे।
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीजराल होटल के पास एक कार और डंपर की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में हरियाणा के फतेहाबाद जिले के मताना गांव निवासी एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई।
मृतकों में ओमप्रकाश विश्नोई (60), उनकी पत्नी सोरमा देवी (55), बेटी प्रमीला (35), पोता रोनित (11), यशवी (10) और खुशी (10) शामिल हैं। परिवार बीकानेर स्थित मुकाम धाम में दर्शन कर लौट रहा था। हादसे में आठ वर्षीय तनवी गंभीर रूप से घायल हुई, जिसका बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
झालावाड़ जिले के घाटोली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर गुलखेड़ी गांव के पास श्रद्धालुओं से भरा एक लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गया। वाहन में कुल 21 लोग सवार थे, जो कमलेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे।
हादसे में राधीबाई (65), घीसीबाई (70) और पांचूलाल तंवर (27) की जान चली गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। दुर्घटना देर रात उस समय हुई जब अधिकांश यात्री वाहन में सो रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
नागौर जिले के मेड़ता सिटी क्षेत्र में जसनगर के पास लूणी नदी की रपट पर सोमवार सुबह एक बस और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
करौली जिले के खेड़ा गांव निवासी परिवार सोमवती अमावस्या पर पुष्कर सरोवर में स्नान करने जा रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। दुर्घटना में जितेंद्र (40), शीला (35) और सात वर्षीय मन्नू की जान चली गई। जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान हादसा होने की संभावना जताई गई है।
इन तीनों हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को उजागर किया है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है तथा दुर्घटनाओं के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.