राजस्थान के बारां जिले के सारथल थाना क्षेत्र के नारेड़ा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने कथित रूप से अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार आरोपी पति धर्मराज लोधा ने देर रात अपनी पत्नी लीला बाई पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान महिला ने बचने के लिए चीख-पुकार की, लेकिन आरोपी नहीं रुका। घटना के बाद आरोपी शव के पास ही बैठा रहा, जिसे बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हिरासत में ले लिया।
सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद सारथल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल भिजवाया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार मृतका के तीन बच्चे हैं, जो घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में मातम छा गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से शराब का आदी था और मानसिक रूप से अस्थिर भी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी पहले जयपुर में मजदूरी करते थे और करीब एक महीने पहले ही गांव लौटे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात से पहले दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था। मृतका के भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.