राजस्थान के 66 लाख से अधिक किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) के तहत शुक्रवार 20 जून को 23वीं किस्त जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित “पीएम किसान उत्सव” कार्यक्रम के दौरान दोपहर करीब 3:45 बजे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से देशभर के किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपये ट्रांसफर करेंगे।
इस योजना के तहत पूरे देश में करीब 9.4 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। राजस्थान में लगभग 95 लाख किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से सत्यापन के बाद 66 लाख 37 हजार 92 किसान पात्र पाए गए हैं। अनुमान है कि इस बार भी करीब 66 लाख किसानों के खातों में राशि सीधे पहुंच जाएगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत वर्ष 2019 में की गई थी, जिसका उद्देश्य किसानों को कृषि कार्यों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इसके तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये तीन समान किस्तों में दिए जाते हैं। अब तक सरकार 22 किस्तें जारी कर चुकी है और अब 23वीं किस्त जारी की जा रही है।
झुंझुनूं जिले में अकेले करीब 2.19 लाख किसान लाभान्वित होंगे। जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया जाएगा, जबकि ब्लॉक और पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है।
हालांकि कुछ किसानों की किस्त अटक भी सकती है, जिनकी ई-केवाईसी पूरी नहीं है, बैंक खाते में त्रुटि है, आधार लिंकिंग नहीं हुई है या भूमि सत्यापन अधूरा है। सरकार ने ऐसे किसानों से जल्द सभी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।
सरकारी नियमों के अनुसार आयकरदाता किसान, सरकारी कर्मचारी और संवैधानिक पदों पर रह चुके व्यक्तियों को इस योजना का लाभ नहीं मिलता।
इसके साथ ही सरकार प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना भी चला रही है, जिसमें किसान 60 वर्ष की आयु के बाद मासिक पेंशन प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह राशि खरीफ सीजन में किसानों के लिए बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.