जोधपुर कमिश्नरेट के बासनी थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। एक युवती की गुमशुदगी मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए युवक ने थाने के भीतर कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर पुलिस उसे तुरंत एम्स अस्पताल ले गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद एम्स मोर्चरी के बाहर परिजन और समाज के लोग धरने पर बैठ गए और पुलिस कार्रवाई, मुआवजा तथा आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग करने लगे।
पुलिस के अनुसार, 4 जून को एक युवती की गुमशुदगी दर्ज की गई थी और जांच में कॉल रिकॉर्ड के आधार पर युवक अमृत दास का नाम सामने आया था। पूछताछ के लिए उसे थाने बुलाया गया था, जहां यह घटना हुई। पुलिस का कहना है कि युवक के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान भी दर्ज कराए गए थे।
वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक को कई दिनों से लगातार थाने बुलाकर परेशान किया जा रहा था और उसे धमकियां भी दी जा रही थीं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में उसके साथ मारपीट हुई और उसे बिना गिरफ्तारी के लंबे समय तक बैठाकर रखा गया।
घटना के बाद एम्स मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया और उच्च अधिकारियों ने पहुंचकर लोगों से वार्ता की। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.