जोधपुर शहर में बॉम्बे मोटर से 12वीं रोड के बीच शुक्रवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने एसयूवी सवार दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए और कार पर फायरिंग करते हुए तोड़फोड़ और मारपीट की। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में घायल दोनों युवकों विक्की फाइटर और सन्नी हंस को तत्काल एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायल विक्की फाइटर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सन्नी हंस को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया गया कि विक्की के सिर में और सन्नी के पीठ में गोली लगी थी।
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने करीब तीन राउंड फायरिंग की और कार के शीशे तोड़ दिए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों द्वारा हमला करते और फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है। सूचना मिलने पर देवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कराई और तीन थानों की टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला पुरानी रंजिश और गैंगवार से जुड़ा हुआ है। हमलावरों की पहचान विशाल पंडित, चिकू, अजय घारू और सुनीत तेजी के रूप में की गई है, जो मोंटू कंडारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। बताया गया कि दो महीने पहले हुई एक मारपीट की घटना का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.