सिरोही जिले के माउंट आबू में फर्जी जयपुर एटीएस अधिकारी बनकर अपहरण और फिरौती वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में 5-6 अज्ञात बदमाशों पर आरोप है जिन्होंने गेस्ट हाउस में ठहरे युवकों को जबरन उठाकर बाड़मेर की ओर ले जाकर धमकाया और बाद में पैसे वसूलकर छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मंडवारिया निवासी झालाराम ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 10 जून की रात वह माउंट आबू के एक गेस्ट हाउस में ठहरा हुआ था। 11 जून की तड़के करीब 3 बजे कुछ लोग वहां पहुंचे और खुद को जयपुर एटीएस का अधिकारी बताते हुए उसे और उसके साथी चिमन भाई को जबरन अपने साथ ले गए।
आरोप है कि बदमाशों ने वीडियो कॉल के जरिए कुछ अन्य लोगों को दिखाकर पहचान करवाई और बाद में पुराने लेन-देन के विवाद को लेकर दबाव बनाया। पीड़ित के अनुसार आरोपी उसे बाड़मेर ले गए और 98 लाख रुपये की मांग की, हालांकि बाद में बातचीत और दबाव के बाद 1.5 लाख रुपये वसूलकर दोनों को भारतमाला रोड पर उनकी गाड़ी सहित छोड़ दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि उसका किसी व्यक्ति से पुराना लेन-देन विवाद चल रहा था, जिसे आधार बनाकर उसे डराया-धमकाया गया।
मामले में माउंट आबू पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे आपसी लेन-देन से जुड़ा मामला बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.