राजस्थान के झालावाड़ जिले की अकलेरा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बिहार की गरीब और अनाथ नाबालिग लड़कियों को शादी का झांसा देकर राजस्थान लाता था और मोटी रकम लेकर उनकी शादी करवा देता था। मामले में एक 14 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर राजस्थान लाने, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और उसकी शादी कराने का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस को 7 जुलाई को सूचना मिली थी कि मदनपुरिया गांव में शादी के नाम पर लाई गई नाबालिग को जबरन ले जाया जा रहा है। पुलिस ने पीछा किया तो ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर रास्ता रोक दिया, जिसके बाद नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर वन स्टॉप सेंटर भेजा गया। शुरुआती कार्रवाई के बाद गहन जांच में पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि लड़कियों का सौदा किया जाता था और यदि शादी के बाद विवाद होता या लड़की ससुराल में नहीं रहना चाहती, तो उसे दूसरी जगह भेज दिया जाता था। पुलिस ने बिहार और जयपुर में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को पॉक्सो कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, आर्थिक लेन-देन और मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.