Download App Now Register Now

जोधपुर फैक्ट्री ब्लास्ट: बुझने के 2 घंटे बाद फिर लगी आग, 14 फायरकर्मी झुलसे; 4 की हालत गंभीर

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर के बासनी इलाके में SR हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में लगी भीषण आग के दौरान केमिकल से भरे ड्रम में हुए ब्लास्ट से 14 फायर ब्रिगेड कर्मचारी झुलस गए। सभी घायलों का महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें चार कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीन को वेंटिलेटर पर रखा गया है। दो कर्मचारियों के करीब 90 फीसदी तक झुलसने की जानकारी सामने आई है।

केमिकल ड्रम में ब्लास्ट से झुलसे फायरकर्मी

जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 5:30 बजे बासनी की गणेश नगर श्रमिक कॉलोनी स्थित हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आग लगी थी। आग बुझाने के लिए अलग-अलग फायर स्टेशनों से 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 35 फायर फाइटर्स राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे ड्रमों में धमाके होने लगे। इसी दौरान एक जलते हुए ड्रम पर बिल्डिंग की छत से पत्थर आकर गिरा, जिसके बाद जोरदार ब्लास्ट हुआ। ड्रम में मौजूद जलता हुआ केमिकल फायर फाइटर्स पर जा गिरा।

300 मीटर दूर तक उछला जलता केमिकल

ब्लास्ट के बाद जलता हुआ केमिकल करीब 300 मीटर दूर तक उछला और कई फायर फाइटर्स इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 14 कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। मौके पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण साथी फायरकर्मियों ने घायलों को पिकअप और दमकल की गाड़ियों से अस्पताल पहुंचाया।

घायलों को पहले एम्स ले जाया गया, लेकिन बर्न यूनिट उपलब्ध नहीं होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया। यहां झुलसे कर्मचारियों के इलाज के लिए अलग आईसीयू बनाया गया है।

रात 11 बजे बाद एयरफोर्स की टीम बुलाई गई

फैक्ट्री में आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करने के लिए रात करीब 11 बजे के बाद एयरफोर्स की फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद गुरुवार सुबह करीब 5 बजे आग पर काबू पाया गया।

हालांकि, आग बुझने के करीब दो घंटे बाद सुबह 7 बजे फैक्ट्री में दोबारा आग लग गई। फैक्ट्री से अब भी धुआं निकलने की जानकारी सामने आई है।

ज्वलनशील केमिकल और थिनर के इस्तेमाल की जानकारी

जोधपुर पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया के मुताबिक, फैक्ट्री में ज्वलनशील केमिकल और थिनर का इस्तेमाल किया जा रहा था। फैक्ट्री किसकी है और वहां केमिकल का स्टोरेज किस तरह किया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

नगर निगम के चीफ फायर ऑफिसर जलज घसिया ने बताया कि सूचना मिलते ही अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। फैक्ट्री में केमिकल से भरे ड्रम लगातार खतरा पैदा कर रहे थे, जिसके चलते आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

हादसे की प्रमुख बातें

  • बासनी की SR हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में लगी भीषण आग
  • केमिकल से भरे ड्रम में ब्लास्ट से 14 फायरकर्मी झुलसे
  • 4 कर्मचारियों की हालत गंभीर
  • 3 फायरकर्मी वेंटिलेटर पर
  • 2 कर्मचारियों के करीब 90% झुलसने की जानकारी
  • जलता केमिकल करीब 300 मीटर दूर तक उछला
  • रात में एयरफोर्स की फायर ब्रिगेड टीम भी मौके पर पहुंची
  • सुबह 5 बजे आग पर पाया गया था काबू
  • सुबह 7 बजे फैक्ट्री में दोबारा लगी आग
  • ज्वलनशील केमिकल और थिनर के स्टोरेज की जांच जारी

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
राजस्थान में 1,150 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी, जयपुर को मिलेंगी सबसे ज्यादा 550 बसें | जयपुर फैमिली कोर्ट का फैसला: करवा चौथ पर दूसरे पुरुष के लिए व्रत रखने और दांपत्य संबंधों में दूरी को माना मानसिक क्रूरता, 13 साल पुरानी शादी खत्म | मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में बीजेपी का देशव्यापी प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प | SMS अस्पताल में मरीज रेफर करने के लिए लागू होगी नई SOP, बिना सूचना भेजने पर होगी कार्रवाई | CM भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी पहुंचे, बाबा श्याम के करेंगे दर्शन; ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी हुए शामिल | राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: पंच-सरपंच चुनाव में 83.05% मतदान, बाड़मेर की सेड़वा पंचायत समिति रही अव्वल | जयपुर में ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान, 13 जोन की 617 दीवारों पर हुई वॉल पेंटिंग; लोककला से सजेगा शहर | जयपुर में पानी का संकट गहराने की आशंका, मांग और सप्लाई में 169.11 एमएलडी का अंतर; 55.45 करोड़ का समर प्लान तैयार | बीकानेर बनेगा निशानेबाजी का नया हब! सादुल क्लब में अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज की तैयारी, ओलंपिक स्तर की 17 मशीनें लगेंगी | हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा: स्लीपर कोच बस और टेंपो की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौके पर मौत |