Download App Now Register Now

कोटा दौरे पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश

जयपुर, 9 अक्टूबर। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने गुरुवार को कोटा दौरे के दौरान विभिन्न सरकारी संस्थानों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोटा सुपर थर्मल पावर स्टेशन, साइबर थाना और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल का जायजा लिया। इसके साथ ही चम्बल घड़ियाल सेंचुरी में अवैध बजरी खनन की रोकथाम के लिए गठित राज्य स्तरीय समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक ली तथा जल संचय जन भागीदारी अभियान की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराधों पर त्वरित नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और जल संरक्षण कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

अवैध बजरी खनन पर जीरो टॉलरेंस की नीति

चम्बल घड़ियाल अभयारण्य में अवैध बजरी खनन की रोकथाम को लेकर आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति के तहत कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने, मैदानी गश्त मजबूत करने और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

हाल ही में रेंजर की हत्या की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने फील्ड कार्मिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आवश्यक हथियारों और वाहनों की उपलब्धता जल्द सुनिश्चित करने तथा न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना से जुड़ी सूचनाएं समय पर प्रस्तुत करने को कहा।

साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मुख्य सचिव ने कोटा साइबर थाने में दर्ज मामलों, अनुसंधान, आरोपियों की गिरफ्तारी और आरोप पत्र प्रस्तुत करने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान होने से पीड़ितों की मेहनत की कमाई बचाने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने साइबर अपराधों से जुड़े मामलों को जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठकों में शामिल करने के निर्देश भी दिए। अभय कमांड सेंटर में उन्होंने लाइव कैमरा फीड के जरिए निगरानी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस दल चार से छह मिनट में घटनास्थल पर पहुंचता है।

न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने सरकारी अस्पतालों को पूर्णतः डिजिटल बनाने और रोगी देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा, शोध और शोध प्रकाशनों की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

उन्होंने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान और नियमित निगरानी, प्रसव पूर्व जांच, रक्त की पर्याप्त उपलब्धता, उपचार प्रोटोकॉल के पालन तथा रेफरल परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नवजात गहन चिकित्सा इकाई और प्रसूति वार्ड का निरीक्षण किया तथा भर्ती प्रसूता से उपचार संबंधी जानकारी भी ली।

जल संरक्षण कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

जल संचय जन भागीदारी अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने, जल संरक्षण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पेयजल उपलब्धता की स्थिति की भी जानकारी ली।

इसके अलावा नवनेरा बैराज, रामगढ़, महलपुर और चम्बल एक्वाडक्ट सहित प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

कोटा सुपर थर्मल पावर स्टेशन की उत्पादन क्षमता की समीक्षा

कोटा सुपर थर्मल पावर स्टेशन में मुख्य सचिव ने विद्युत उत्पादन क्षमता, कोयले की उपलब्धता और संयंत्र भार गुणांक की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश को बिजली उत्पादन में अधिशेष राज्य बनाने के प्रयासों में स्टेशन की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए संयंत्र का सुचारु संचालन बनाए रखने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया।

दौरे के दौरान कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, राज्य स्तरीय समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में विभिन्न विभागों और जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
राजस्थान में 1,150 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी, जयपुर को मिलेंगी सबसे ज्यादा 550 बसें | जयपुर फैमिली कोर्ट का फैसला: करवा चौथ पर दूसरे पुरुष के लिए व्रत रखने और दांपत्य संबंधों में दूरी को माना मानसिक क्रूरता, 13 साल पुरानी शादी खत्म | मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में बीजेपी का देशव्यापी प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प | SMS अस्पताल में मरीज रेफर करने के लिए लागू होगी नई SOP, बिना सूचना भेजने पर होगी कार्रवाई | CM भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी पहुंचे, बाबा श्याम के करेंगे दर्शन; ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी हुए शामिल | राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: पंच-सरपंच चुनाव में 83.05% मतदान, बाड़मेर की सेड़वा पंचायत समिति रही अव्वल | जयपुर में ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान, 13 जोन की 617 दीवारों पर हुई वॉल पेंटिंग; लोककला से सजेगा शहर | जयपुर में पानी का संकट गहराने की आशंका, मांग और सप्लाई में 169.11 एमएलडी का अंतर; 55.45 करोड़ का समर प्लान तैयार | बीकानेर बनेगा निशानेबाजी का नया हब! सादुल क्लब में अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज की तैयारी, ओलंपिक स्तर की 17 मशीनें लगेंगी | हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा: स्लीपर कोच बस और टेंपो की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौके पर मौत |