Download App Now Register Now

जयपुर में ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान, 13 जोन की 617 दीवारों पर हुई वॉल पेंटिंग; लोककला से सजेगा शहर

जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने शनिवार को ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत शहर के सभी 13 जोन में कुल 617 दीवारों पर रंग-बिरंगी वॉल पेंटिंग की गई। महापौर सुनील कोठारी और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने त्रिमूर्ति सर्किल स्थित मूक-बधिर विद्यालय में बच्चों के साथ दीवारों पर रंग भरकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस अभियान में स्कूली विद्यार्थियों, कॉलेज छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, पुलिस और सेना के जवानों सहित शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीवारों पर पारंपरिक जयपुरी रंगों और राजस्थान की लोककला मांडणा के जरिए शहर की सांस्कृतिक पहचान को उकेरने का प्रयास किया गया।

13 जोन में 617 दीवारों को सजाने का लक्ष्य

नगर निगम ने शहर के सभी 13 जोन में वॉल पेंटिंग के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए। इसके तहत हवामहल-आमेर में 47, सिविल लाइंस में 50, किशनपोल में 60, आदर्श नगर में 45, मालवीय नगर में 50, जगतपुरा में 45, झालाना में 45, झोटवाड़ा में 45, वैशाली नगर में 45, मानसरोवर में 35, सांगानेर में 50, मुरलीपुरा में 50 और विद्याधर नगर में 50 दीवारों को रंगों और कलात्मक चित्रों से सजाया गया।

मूक-बधिर विद्यालय से हुई अभियान की शुरुआत

अभियान का शुभारंभ त्रिमूर्ति सर्किल स्थित मूक-बधिर विद्यालय में हुआ। महापौर सुनील कोठारी और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने विद्यालय के बच्चों के साथ दीवारों पर रंग भरे। इस दौरान बच्चों ने सांकेतिक भाषा के माध्यम से आपसी तालमेल प्रदर्शित करते हुए डांस भी किया।

इस पहल के जरिए बच्चों की सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ सार्वजनिक स्थलों को सुंदर बनाने का संदेश दिया गया।

जयपुरी गेरुआ रंग और मांडणा कला से सजी दीवारें

अभियान में महारानी कॉलेज की छात्राओं और यूपीएससी की तैयारी कर रही युवतियों ने भी हिस्सा लिया। छात्राओं ने पारंपरिक जयपुरी गेरुआ रंग और राजस्थान की लोककला मांडणा के माध्यम से दीवारों को आकर्षक रूप दिया।

छात्राओं का कहना था कि सार्वजनिक दीवारों पर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कला को प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे शिक्षा, कला और जनभागीदारी को एक मंच पर लाने के साथ शहर के सार्वजनिक स्थलों को नया स्वरूप मिल सकेगा।

पुलिस और सेना के जवानों ने भी किया योगदान

पानीपेच चौराहे पर आईजी कार्यालय के पास पुलिस और सेना के जवानों ने भी वॉल पेंटिंग कर अभियान में भागीदारी निभाई। जवानों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संदेश दिया।

इसके अलावा माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, तिलक नगर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने दीवारों की रंगाई और पेंटिंग में हिस्सा लिया। नगर निगम के सभी जोन में निर्धारित स्थानों पर गतिविधियां आयोजित की गईं।

स्वच्छता और जनभागीदारी पर नगर निगम का जोर

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान केवल दीवारों को रंगने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना, जयपुर की गुलाबी पहचान को मजबूत करना और नागरिकों को शहर के विकास में सहभागी बनाना है। अभियान में सभी वर्गों और उम्र के लोगों का सहयोग मिल रहा है।

दीपावली से पहले नगर निगम की यह पहल शहर को नया रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निगम की ओर से आगामी 31 अक्टूबर को ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ अभियान भी चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
राजस्थान में 1,150 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी, जयपुर को मिलेंगी सबसे ज्यादा 550 बसें | जयपुर फैमिली कोर्ट का फैसला: करवा चौथ पर दूसरे पुरुष के लिए व्रत रखने और दांपत्य संबंधों में दूरी को माना मानसिक क्रूरता, 13 साल पुरानी शादी खत्म | मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में बीजेपी का देशव्यापी प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प | SMS अस्पताल में मरीज रेफर करने के लिए लागू होगी नई SOP, बिना सूचना भेजने पर होगी कार्रवाई | CM भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी पहुंचे, बाबा श्याम के करेंगे दर्शन; ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी हुए शामिल | राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: पंच-सरपंच चुनाव में 83.05% मतदान, बाड़मेर की सेड़वा पंचायत समिति रही अव्वल | जयपुर में ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान, 13 जोन की 617 दीवारों पर हुई वॉल पेंटिंग; लोककला से सजेगा शहर | जयपुर में पानी का संकट गहराने की आशंका, मांग और सप्लाई में 169.11 एमएलडी का अंतर; 55.45 करोड़ का समर प्लान तैयार | बीकानेर बनेगा निशानेबाजी का नया हब! सादुल क्लब में अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज की तैयारी, ओलंपिक स्तर की 17 मशीनें लगेंगी | हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा: स्लीपर कोच बस और टेंपो की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौके पर मौत |