पीड़ित दुकानदार अक्षय सैनी के अनुसार, पंचशील बी-ब्लॉक में ब्राविया रेजीडेंसी के सामने तिराहे पर उनकी 'श्रीनाथ सेनेटरी एंड हार्डवेयर' नाम से दुकान है। वह रोजाना की तरह रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो बाहर का ताला सही था, लेकिन अंदर सामान बिखरा हुआ मिला।
जांच करने पर पता चला कि चोर पहली मंजिल पर पहुंचे और दुकान का फ्रंट कांच तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद दुकान के पीछे की तरफ का गेट मोड़कर रास्ता बनाया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
दुकानदार ने बताया कि दिवाली के त्योहार को देखते हुए दुकान में पीतल के नलों का नया स्टॉक मंगवाया गया था। चोर करीब 1 से 1.5 लाख रुपए कीमत के पीतल के नल ले गए। इसके अलावा गल्ले में रखे 15 से 20 हजार रुपए भी चोरी कर लिए।
वारदात का समय रात करीब 12:30 से 2 बजे के बीच बताया जा रहा है। चोरों ने पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए दुकान और पड़ोसी दुकान के CCTV कैमरे तोड़ दिए। हालांकि, एक फुटेज में मुंह पर कपड़ा बांधे एक संदिग्ध दिखाई दिया है।
पीड़ित ने कृष्णागंज थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुकानदार ने अभय कमांड सेंटर के फुटेज खंगालकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.