Download App Now Register Now

राजस्थान की विकास यात्रा में सहभागी बनें प्रवासी राजस्थानी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 09 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी राजस्थान की संस्कृति, परंपरा, उद्यमशीलता और सामाजिक मूल्यों के सशक्त प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, वैश्विक नेटवर्क और विशेषज्ञता का लाभ प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति देने में लिया जाना चाहिए। प्रवासी राजस्थानी निवेश, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से राजस्थान के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

मुख्यमंत्री रविवार को बेंगलुरु में राजस्थान फाउंडेशन के विभिन्न चैप्टर्स के अध्यक्षों के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान आज विकास और निवेश की अपार संभावनाओं वाली भूमि के रूप में उभर रहा है। ऐसे में प्रवासी राजस्थानी प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, पर्यटन, स्टार्टअप, कृषि, जल संरक्षण और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता का उपयोग कर प्रदेश को आगे ले जा सकते हैं।

निवेश को धरातल पर उतारने में सरकार करेगी हरसंभव मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानियों के निवेश से जुड़े सभी पहलुओं में हरसंभव सहयोग और सुविधा उपलब्ध करवाएगी। निवेश प्रस्तावों पर सिंगल विंडो क्लीयरेंस के माध्यम से प्राथमिकता के साथ आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में निवेशकों के लिए भूमि, सड़क एवं रेल नेटवर्क, लॉजिस्टिक सुविधाएं, ऊर्जा और कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि निवेशकों को बेहतर कारोबारी वातावरण मिले और निवेश प्रस्ताव जल्द से जल्द धरातल पर उतरें।

ग्रीन एनर्जी से लेकर सेमीकंडक्टर तक निवेश के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार ग्रीन एनर्जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल एवं बैटरी निर्माण, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, माइनिंग एवं मिनरल आधारित उद्योग, फूड प्रोसेसिंग, आईटी और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने बताया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 35 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। वहीं, राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हुए 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश एमओयू में से करीब 9 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है।

पर्यटन और विरासत संरक्षण पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की समृद्ध विरासत और पर्यटन क्षमता को देखते हुए प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा दी जा रही है। इसके लिए नई राजस्थान पर्यटन नीति लागू की गई है।

उन्होंने विशेष रूप से शेखावाटी क्षेत्र की ऐतिहासिक हवेलियों और भित्ति चित्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये राजस्थान की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण के लिए शेखावाटी हवेली संरक्षण योजना शुरू की गई है, जिसके तहत सीकर, झुंझुनूं और चूरू की 662 ऐतिहासिक हवेलियों को चिन्हित किया गया है।

'कर्मभूमि से मातृभूमि' अभियान में प्रवासियों की भागीदारी

मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों से जल संरक्षण के क्षेत्र में भी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों के सहयोग से 'कर्मभूमि से मातृभूमि' अभियान संचालित किया जा रहा है।

इस अभियान के तहत प्रदेश में करीब 45 हजार जल रिचार्ज एवं जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 20 हजार से अधिक संरचनाओं का निर्माण अब तक पूरा हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी इस अभियान से और अधिक जुड़ें तथा अपनी मातृभूमि के जल संरक्षण और सामाजिक विकास में योगदान दें।

राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर्स को बनाया जाए सक्रिय मंच

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों का राजस्थान से गहरा भावनात्मक और सामाजिक नाता है। वे जहां भी रहें, अपनी मातृभूमि के विकास में योगदान देने की भावना रखते हैं। उन्होंने राजस्थान फाउंडेशन के सभी चैप्टर्स से आह्वान किया कि वे प्रवासी राजस्थानियों और राज्य सरकार के बीच सक्रिय संपर्क एवं सहयोग के मंच के रूप में कार्य करें।

उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों की विशेषज्ञता, अनुभव और वैश्विक संपर्क राजस्थान के विकास के लिए महत्वपूर्ण पूंजी हैं। इनके प्रभावी उपयोग से प्रदेश में निवेश, रोजगार, नवाचार और सामाजिक विकास को नई गति दी जा सकती है।

बैठक के दौरान वरिष्ठ अधिकारीगण, राजस्थान फाउंडेशन के विभिन्न चैप्टर्स के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी उपस्थित रहे।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
गजराज राव बोले- ‘बधाई हो’ मेरे लिए ‘शोले’ जैसी, इस फिल्म ने बदल दी जिंदगी; जयपुर की कचौरी-मिठाइयों के भी मुरीद | सुप्रीम कोर्ट ने पाकिस्तानी जासूसी के आरोपी झबरा राम की जमानत रद्द की, दो सप्ताह में सरेंडर करने का आदेश | राजस्थान पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में 65.15% मतदान, 2019 के मुकाबले 1.59 प्रतिशत की बढ़ोतरी | चक्रवात ‘अर्नब’ का कहर: आंध्र प्रदेश-ओडिशा में 5 मौतें, राजस्थान समेत 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट | आज का पंचांग 29 अक्टूबर 2026: आज करवा चौथ पर दिल्ली में रात 8:17 बजे निकलेगा चांद, जयपुर-मुंबई समेत जानें चंद्रोदय का समय | राजस्थान में 1,150 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी, जयपुर को मिलेंगी सबसे ज्यादा 550 बसें | जयपुर फैमिली कोर्ट का फैसला: करवा चौथ पर दूसरे पुरुष के लिए व्रत रखने और दांपत्य संबंधों में दूरी को माना मानसिक क्रूरता, 13 साल पुरानी शादी खत्म | मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में बीजेपी का देशव्यापी प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प | SMS अस्पताल में मरीज रेफर करने के लिए लागू होगी नई SOP, बिना सूचना भेजने पर होगी कार्रवाई | CM भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी पहुंचे, बाबा श्याम के करेंगे दर्शन; ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी हुए शामिल |