वार्ड 62 के भाग संख्या 23 के लिए टीला वाला, सांगानेर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में पुनर्मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान केंद्र पर सुरक्षा और चुनावी व्यवस्थाओं के बीच मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को हुए मतदान के दौरान मतदाता सूची की विलोपन सूची में शामिल 110 मतदाताओं ने मतदान किया था। मतदान प्रक्रिया में अनियमितता सामने आने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया के तहत इस भाग संख्या में दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया गया।
पुनर्मतदान के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि सिर्फ अधिकृत मतदाता ही मतदान कर सकें। मतदान केंद्र पर मतदाता की पहचान और पात्रता की जांच के बाद ही वोट डालने की अनुमति दी जा रही है।
इस बार पुनर्मतदान में बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही लगाई जा रही है। मतदान केंद्र पर चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया कराई जा रही है।
वार्ड 62 के भाग संख्या 23 में हो रहे इस पुनर्मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.