प्रतापगढ़ जिले में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए मूल्य की चल और अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उप अधीक्षक चन्द्रशेखर पालीवाल और थाना अधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि नौगांवा निवासी शाहजेब उर्फ बल्ला पुत्र शमशेर खान लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था और उसने इसी अवैध गतिविधि से बड़ी संपत्ति अर्जित की थी। वर्ष 2025 में एनसीबी अहमदाबाद द्वारा दर्ज मामले में 4.534 किलो अल्प्राजोलम पाउडर की बरामदगी के बाद जांच में उसकी और उसकी मां यासमीन बानो की भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया था।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी का पिता पहले भी नशा तस्करी के मामले में दोषी पाया जा चुका है, जबकि उसका भाई भी एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में वांछित है। पुलिस की वित्तीय जांच में आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर कई संपत्तियां चिन्हित की गईं, जिनमें आवासीय भवन, दो मुर्गी फार्म हाउस और कई वाहन शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2.10 करोड़ रुपए आंकी गई है।
इसके बाद संपत्तियों को फ्रीज करने की प्रक्रिया पूरी की गई और संबंधित संपत्तियों पर नोटिस व बोर्ड लगाकर कार्रवाई सुनिश्चित की गई। पुलिस ने कहा है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.