राजस्थान। देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बुधवार है। प्रदेशभर के बुजुर्गों में भारी उत्साह है, लेकिन विभागीय वेबसाइट के तकनीकी झोल और सुस्त सर्वर ने आवेदकों की चिंता बढ़ा दी है। ऑनलाइन डैशबोर्ड पर वर्तमान सत्र के बजाय पिछले साल (2025) के आंकड़े प्रदर्शित हो रहे हैं, जिससे वास्तविक आवेदन संख्या और जिला-वार विवरण स्पष्ट नहीं हैं।
योजना के तहत इस बार 50,000 वरिष्ठ नागरिकों को विशेष एसी ट्रेनों के माध्यम से भारत के 15 प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी, जबकि 6,000 यात्रियों को हवाई मार्ग से नेपाल स्थित भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन का अवसर मिलेगा। पिछले साल जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण और दूदू से 17,086 बुजुर्गों ने आवेदन किया था, जिसमें अकेले जयपुर शहर से 10,534 आवेदक शामिल थे। इस बार भी अयोध्या यात्रा के लिए सबसे अधिक उत्साह देखा जा रहा है।
जून के अंतिम सप्ताह में जिलावार कोटे के अनुसार लॉटरी निकाली जाएगी और जुलाई से यात्राएं शुरू होने की उम्मीद है। आवेदन के लिए पर क्लिक करें। देवस्थान विभाग ने बताया कि वर्तमान आंकड़ों का रिकॉर्ड रोजाना अपडेट नहीं होता, इसलिए सटीक संख्या बाद में साझा की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.