जयपुर में 14 जून रविवार को सुबह शहर एक अनोखे कम्युनिटी मूवमेंट “जयपुर 6 AM: Experience Your City” का हिस्सा बनने जा रहा है, जिसे राजस्थान पत्रिका द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग इसमें भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि लोग इसे केवल फिटनेस एक्टिविटी के रूप में नहीं बल्कि एक सामाजिक और भावनात्मक अनुभव के रूप में देख रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार 50 प्रतिशत से अधिक प्रतिभागी अकेले ‘मी-टाइम’ के लिए शामिल हो रहे हैं, जबकि एक तिहाई लोग दोस्तों या कपल के साथ भागीदारी करेंगे। करीब 15 प्रतिशत लोग परिवार और मोहल्ले की टोली के साथ सुबह की इस खास गतिविधि का हिस्सा बनेंगे।
सुबह 6 बजे से 8 बजे तक जयपुर शहर के पांच प्रमुख स्थानों—पत्रिका गेट, कुलिश स्मृति वन, सेंट्रल पार्क, अल्बर्ट हॉल और जलमहल की पाल पर एक साथ योग, जुम्बा, साइकिलिंग, संगीत, हास्य योग और कम्युनिटी गेम्स जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
पत्रिका गेट इस पूरे आयोजन का सबसे आकर्षक केंद्र बनकर उभरा है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। सेंट्रल पार्क में योग के साथ हरियाली के बीच शांति और ऊर्जा का अनुभव मिलेगा, वहीं अल्बर्ट हॉल में ऐतिहासिक धरोहर के बीच साइकिलिंग और फिटनेस गतिविधियां होंगी। कुलिश स्मृति वन में प्राकृतिक वातावरण और पक्षियों की आवाज के बीच लोग सुबह का आनंद लेंगे, जबकि जलमहल पर पानी और पहाड़ों के बीच ठंडी हवा में गतिविधियां आयोजित होंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल फिटनेस नहीं, बल्कि लोगों को अपने शहर, उसकी विरासत और सामुदायिक जीवन से जोड़ना भी है। आयोजन पूरी तरह निःशुल्क है और प्रतिभागी QR कोड या ऑनलाइन लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर लोग #Jaipur6AM जैसे हैशटैग के साथ अपनी भागीदारी साझा कर रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.