डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के मांडवा गांव में स्थित घाटी तालाब में रविवार को दो चचेरी बहनों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बालिकाएं बकरियां चराने गई थीं और नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से हादसे का शिकार हो गईं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मांडवा निवासी उषा कोटेड़ और उसकी चचेरी बहन नयना कोटेड़ बकरियां चराने गई थीं। इसी दौरान दोनों तालाब के पास बने गहरे गड्ढे में नहाने के लिए उतरीं और पानी अधिक गहरा होने के कारण डूबने लगीं। मौके पर मौजूद एक ग्रामीण युवक ने तुरंत पानी में छलांग लगाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
दोनों को तत्काल डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को जिला मुर्दाघर में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक बालिकाओं के परिजनों ने बताया कि उषा कक्षा 8वीं और नयना कक्षा 7वीं की छात्रा थीं। दोनों पढ़ाई में होनहार थीं और हमेशा साथ रहती थीं। एक साथ दो मासूम बहनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.